विदिशा 23 जनवरी (आरएनएस)।केंद्रीय कृषि मंत्री और विदिशा संसदीय क्षेत्र के सांसद शिवराज सिंह चौहान ने एक बार फिर अपनी संवेदनशीलता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को लेकर सुर्खियों में हैं। उन्होंने दिव्यांग पन्नालाल को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट कर न सिर्फ अपना वादा निभाया, बल्कि उनके आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में एक अहम कदम भी बढ़ाया।
दरअसल, 18 जनवरी को विदिशा प्रवास के दौरान शिवराज सिंह चौहान की मुलाकात पन्नालाल से हुई थी। बातचीत के दौरान पन्नालाल ने चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में होने वाली कठिनाइयों के बारे में बताया था। उसी समय शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था। अपने वादे को निभाते हुए शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को पन्नालाल को अपने निवास पर उन्हें मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल भेंट की।
इस दौरान पन्नालाल को मोटराइज्ड साइकिल भेंट करने के पहले शिवराज ने कहा मैं मानता हूं हम सब एक परिवार हैं परिवार के वो भाई-बहन जो पीछे रह गए, कोई कष्ट परेशानी है तो मदद करनी चाहिए। चार-पांच दिन पहले मैं विदिशा गया था तो मैंने पन्नालाल को देखा था वे खजूर हाथ में उठाकर मेरी गाड़ी तरफ दौड़ पड़े थे। मैं उनके पास गया, तब मन में यह भाव पैदा हुआ कि गरीबी और परिस्थितियों के कारण कई साथी जिंदगी कष्ट में गुजारते हैं।
शिवराज ने कहा पन्नालाल से मैंने दोस्ती कर ली। दोस्ती के बाद उन्होंने एक ही बात कही कि चलने फिरने में दिक्कत होती है तो मुझे एक मोटराइज्ड साइकिल दे दो। दोस्त के लिए तो करना ही पड़ता है।
शिवराज ने गीत गुनगुनाते हुए कहा रहे चाहे दुश्मन जमाना हमारा लेकिन ये दोस्ताना हमारा कायम रहेगा।
शिवराज ने कहा पन्ना भाई के लिए मोटराइज्ड साइकिल की व्यवस्था की। वैसे मैं ये भेंट उसी चौराहे पर देना चाहता था, लेकिन कार्यक्रमों की व्यस्तता के कारण पन्नालाल जी और भाभी जी को बुलाकर भेंट कर रहा हूं। इसमें पीछे सामान रखने के लिए भी व्यवस्था है। ये अकेले चलने-फिरने के लिए नहीं बल्कि रोजगार के लिए भी हो।
शिवराज ने कहा- मेरे मन में एक भाव आया है यथासंभव भगवान शक्ति दे जो बहुदिव्यांग हैं जिनके शरीर के अंग काम नहीं करते ऐसे और भाई बहनों को ढूंढकर ऐसी मोटराइज्ड साइकिल दूं ताकि उनका रोजगार चल सके।

