दांबुला ,16 जून ,। भारत ए और श्रीलंका ए के बीच दांबुला में खेला गया त्रिकोणीय सीरीज का रोमांचक मुकाबला उस वक्त विवादों में घिर गया, जब हार के बाद भारतीय टीम के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपना आपा खो बैठे। मैच का फैसला सुपर ओवर से हुआ, जिसमें भारत ए को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के तुरंत बाद मैदान पर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला, जहां वैभव की श्रीलंकाई खिलाडिय़ों के साथ तीखी बहस हो गई। देखते ही देखते यह बहस इतनी ज्यादा बढ़ गई कि नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच गई। बाद में अंपायरों और अन्य खिलाडिय़ों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
सुपर ओवर में टूटा भारत का सपना, श्रीलंका ने मारी बाजी
सोमवार को खेले गए इस सांस रोक देने वाले मुकाबले में दोनों टीमों ने निर्धारित 50 ओवरों में 265-265 रन बनाए थे। मैच टाई होने के बाद परिणाम निकालने के लिए सुपर ओवर का सहारा लिया गया। सुपर ओवर में पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान श्रीलंका ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 16 रन बनाए और भारत के सामने जीत के लिए 17 रनों का लक्ष्य रखा। इस दबाव भरे ओवर में भारतीय टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और महज 10 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ श्रीलंका ए ने तीन अहम अंक हासिल किए और अंक तालिका में शीर्ष पर अपनी जगह पक्की कर ली, जबकि भारत ए को टूर्नामेंट में अपनी दूसरी हार झेलनी पड़ी।
आखिरी गेंद के बाद हुआ बड़ा बवाल, माथुलन के जश्न पर भड़के सूर्यवंशी
विवाद की यह पूरी चिंगारी सुपर ओवर की आखिरी गेंद के बाद भड़की। उस वक्त भारत को आखिरी गेंद पर आठ रनों की दरकार थी और स्ट्राइक पर वैभव सूर्यवंशी मौजूद थे। श्रीलंका के गेंदबाज कुगाथस माथुलन ने एक सटीक यॉर्कर डाली, जिस पर वैभव कोई शॉट नहीं खेल पाए। मैच खत्म होते ही माथुलन और अन्य श्रीलंकाई खिलाडिय़ों ने जोरदार जश्न मनाना शुरू कर दिया। इसी बीच वैभव किसी बात पर बुरी तरह भड़क गए और माथुलन से उलझ पड़े। सूर्यवंशी के इस अचानक आए गुस्से का असली कारण अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि वह श्रीलंकाई गेंदबाज के जश्न मनाने के तरीके या मैच खत्म होने के बाद की गई किसी टिप्पणी को लेकर आक्रामक हो गए थे, जिसके बाद मैदान पर यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

