रायगढ़, 16 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक जंगली मादा हाथी की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल हथिनी को बचाने के लिए वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन उपचार शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद हाथियों का बड़ा झुंड घटनास्थल पर डटा रहा, जिससे रेस्क्यू और राहत कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, घटना घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार गांव के पास कोयला परिवहन रेल लाइन पर हुई। बताया जा रहा है कि लगभग 45 वर्षीय मादा हथिनी रेल पटरी पार कर रही थी, तभी वहां से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हथिनी के एक पैर में गंभीर और गहरी चोट लग गई।
घायल हथिनी दर्द से कराहती रही, जिसकी आवाज सुनकर उसके झुंड के अन्य हाथी भी मौके पर पहुंच गए और उसके आसपास जमा हो गए। हाथियों के झुंड के कारण वन विभाग और रेस्क्यू टीम को घायल हथिनी तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
वन विभाग की टीम द्वारा उपचार की तैयारी की जा रही थी, लेकिन गंभीर चोटों के कारण हथिनी ने इलाज शुरू होने से पहले ही दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
वन विभाग के अनुसार, हथिनी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार (दफनाने) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वहीं, घटना के कारणों और रेल लाइन क्षेत्र में वन्यजीव सुरक्षा उपायों की भी समीक्षा की जा रही है।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

