पाटन, 16 जून (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में नए शिक्षा सत्र 2026-27 की शुरुआत के साथ ही मंगलवार से स्कूल चले हम अभियान का शुभारंभ हो गया। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही छात्र-छात्राओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। नए बैग, नई किताबों और नई उम्मीदों के साथ बच्चे विद्यालय पहुंचे और नियमित पढ़ाई का सिलसिला शुरू हुआ।
पाटन विकासखंड के 181 प्राथमिक शालाओं, 98 मिडिल स्कूलों, 19 हाईस्कूलों और 38 हायर सेकेंडरी स्कूलों में पहले दिन से ही शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ हो गईं। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों को पाठ्य पुस्तकों का वितरण भी किया गया, जिससे वे शुरुआत से ही पढ़ाई में जुट सकें। वहीं, आगामी दिनों में गणवेश वितरण का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की संख्या तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ स्कूलों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर संबंधित अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार संकुल स्तर पर स्कूलों को किताबें और गणवेश उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज की जा रही है, ताकि सभी विद्यार्थियों को समय पर आवश्यक सामग्री मिल सके।
गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालयों में फिर से गूंजती घंटियों और बच्चों की चहल-पहल ने शैक्षणिक माहौल को जीवंत कर दिया। पहले ही दिन बच्चों के चेहरे पर पढ़ाई को लेकर उत्साह और भविष्य को संवारने की नई उम्मीद साफ दिखाई दी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

