भोपाल,24 जनवरी (आरएनएस)।नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही निरंतर जारी है। इसी तारतम्य में निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने सीएम हेल्प लाईन, कॉल सेंटर व अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण तथा निगम की नियमित कार्यवाही के तहत पुराने शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में चौथे दिन भी निगम की अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही जारी रही और विभिन्न प्रकार के अतिक्रमणों को हटाकर 04 ट्रक सामान जप्त किया इसके साथ ही निगम के अमले ने शहर के अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही करते हुए ठेले, गुमठी, काउंटर, जाली, टंकी, बोर्ड, टेबिल, बेंच, स्टूल आदि सहित अन्य प्रकार का सामान भी जप्त किया।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते के दलों ने पुराने शहर के व्यस्ततम बाजार क्षेत्रों में शनिवार को लगातार चौथे दिन भी कार्यवाही जारी रखी और आजाद मार्केट, जुमेराती, मारवाड़ी रोड, कोतवाली रोड, मंगलवारा आदि क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के अतिक्रमणों को हटाते हुए ठेले, काउंटर, जाली, टेबिल, कुर्सी, स्टूल, फ्रेम, बोर्ड, पन्नी आदि सहित 04 ट्रक विभिन्न प्रकार का सामान जप्त किया।
इसके अतिरिक्त निगम अमले ने कोलार सिग्नेचर 99, 11 मील होशंगाबाद रोड, एम्स गेट नं. 02, एम्स मेट्रो ब्रिज के नीचे, अवधपुरी खंबा चौराहा, खजूरी रोड पिपलिया गांव, साकेत नगर बीडीए काम्प्लेक्स, डीबी मॉल, एम.पी.नगर जोन -01 व 02,1100 क्वाटर्स, माता मंदिर, सकेण्ड स्टॉप, मैनिट चौराहा, गांधी नगर आदि क्षेत्रों में अतिक्रमणों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया साथ ही फुटपाथों से सब्जी की दुकानें, आवागमन में बाधक चार पहिया वाहन, भवन निर्माण सामग्री व बड़ी संख्या में ठेले, गुमठी, पान पार्लर, काउंटर, बोर्ड आदि को हटाया और 23 ठेले, 01 गुमठी, 03 काउंटर, 12 टेबिल, 02 स्टूल, 03 बेंच, 02 स्टील की टंकियां, 03 जालियां, 01 इलेक्ट्रिक कांटा, 01 फ्रेम, 01 एक्जास्ट फैन के अलावा गमले, मटके आदि भी जप्त किये।

