भुवनेश्वर 27 jan(Rns) । राजधानी भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में मंगलवार को एक देसी बम विस्फोट से इलाके में सनसनी फैल गई। एयरफील्ड थाना क्षेत्र के सुंदरपदा न्यू आज़ाद नगर में हुए इस हादसे में दो महिलाओं समेत कम से कम चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की तेज़ आवाज सुनते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में घरों से बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि विस्फोट एक इमारत की छत पर हुआ, जहां कथित तौर पर देसी बम बनाने या उसकी मरम्मत का काम किया जा रहा था। इसी दौरान अचानक हुए विस्फोट में वहां मौजूद चारों लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों को तत्काल नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी है और विस्फोट से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

