भोपाल 29 जनवरी (आरएनएस)। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हर मंगलवार को जल सुनवाई करने के आदेश दिए हैं। इस मुद्दे पर गुरुवार को कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। कांग्रेसी सुभाषनगर में चंबल कॉलोनी के उस वार्ड ऑफिस में पहुंचे, जहां नाली के पानी को पीने लायक बताया गया था। कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला बॉल्टी में गंदा पानी लेकर वार्ड ऑफिस पहुंचे और टेस्ट कराने की मांग की। इस दौरान जोनल अधिकारी और एई गायब रहे।
कांग्रेस नेता शुक्ला ने बताया, चंबल कॉलोनी में आज भी सीवेज नाली के अंदर से गुजर कर वाटर सप्लाई लाइन संचालित की जा रही है। इस लाइन से बेहद गंदा और बदबूदार पानी चंबल कालोनी के घरों में आ रहा है। इस पर मौके पर पहुंचे और नगर निगम वॉटर सप्लाई का हाल देखा। एक बाल्टी में वाटर सप्लाई का गंदा पानी भरकर शुक्ला एवं नागरिकों ने जोनल कार्यालय का घेराव किया। जोनल अधिकारी को गंदा पानी का नमूना देकर तत्काल सुधार करने की मांग की गई है। नागरिकों के विरोध प्रदर्शन और हंगामे की सूचना पहले ही मिल जाने के चलते मौके से जोनल प्रभारी एवं असिस्टेंट इंजीनियर वाटर सप्लाई नदारत हो गए। जिसके कारण उन्हें शिकायत की प्रति नहीं दी जा सकी।
शुक्ला ने कहा कि पानी की शुद्धता जांचने के लिए 11 प्रकार की जांच होती है लेकिन वार्ड कार्यालयों में एक प्रकार की क्लोरीन की जांच करके नाली के पानी को पीने योग्य पानी बताया जा रहा है, जो जनता की जान के साथ खिलवाड़ है। अगर जल्द ही इस कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो भोपाल में भी इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटना घटित हो सकती है। शुक्ला ने कहा, मैंने नगर निगम कमिश्नर को आमंत्रित किया है कि वे अपनी टीम के साथ चंबल आएं और जो यहां कि जनता पानी पी रही है, वह पीकर बताएं। यदि इस मामले में जल्द ही कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो दूषित पानी लेकर रहवासियों के साथ नगर निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
इस अवसर पर तारिक अली, अहमद खान, शानू खान, दिलशाद खान, फैजान खान, अफरोज आलम आदि मौजूद थे।

