बलौदाबाजार,16 जून(आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के कसडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुराना खर्वे में सोमवार को प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी में छह मृतकों के शवों का उत्खनन (एक्सह्यूमेशन) किया गया। यह कार्रवाई जांच प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पुराना खर्वे में अलग-अलग समय पर हुई छह मौतों के मामलों में जांच को आगे बढ़ाने के लिए मृतकों के शवों को कब्र से निकालकर आवश्यक परीक्षण हेतु सुरक्षित किया गया। उत्खनन की प्रक्रिया के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल तथा चिकित्सा विभाग की टीम मौजूद रही।
जिन मृतकों के शवों का उत्खनन किया गया, उनमें बुठालुराम साहू (60 वर्ष), गजानंद मांझी (54 वर्ष), छत्तुराम साहू (60 वर्ष), बिनोद कुमार साहू (37 वर्ष), चैतुराम साहू (61 वर्ष) और बद्री प्रसाद पटेल (60 वर्ष) शामिल हैं। इन सभी की मृत्यु फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों में हुई थी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार शवों के अवशेषों को विधिवत परीक्षण के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। उत्खनन की कार्रवाई के दौरान गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी।
उत्खनन किए गए मृतकों के नाम
बुठालुराम साहू (60 वर्ष)
गजानंद मांझी (54 वर्ष)
छत्तुराम साहू (60 वर्ष)
बिनोद कुमार साहू (37 वर्ष)
चैतुराम साहू (61 वर्ष)
बद्री प्रसाद पटेल (60 वर्ष)
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

