रायपुर 30 जनवरी 2026(आरएनएस) समता कॉलोनी क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्या मामले का रायपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। धारदार हथियार से किए गए हमले में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 29 जनवरी 2026 को अर्जुन नगर, समता कॉलोनी स्थित हाथीराम मंदिर के पीछे रेलवे ट्रैक के पास एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार हेतु मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दुर्गेश ध्रुव (25 वर्ष) के रूप में हुई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी (वेस्ट) एवं डीसीपी (क्राइम एंड साइबर) के निर्देश पर एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना आजाद चौक पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदेही लीला राम शर्मा उर्फ लक्की उर्फ दादू को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक नशे की हालत में गाली-गलौच कर रहा था, जिससे विवाद बढ़ गया और आवेश में आकर उसने चाकू से वार कर दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक चाकू बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 24/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लीला राम शर्मा (21 वर्ष) निवासी चौबे कॉलोनी, जनता क्वार्टर, थाना सरस्वती नगर, रायपुर को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।


















