रायपुर 5 फरवरी 2026(आरएनएस) रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन अंतर्गत अवैध शराब के परिवहन और तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) श्री मयंक गुर्जर (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना खमतराई पुलिस ने अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि खमतराई थाना क्षेत्र के मेटल पार्क की ओर एक व्यक्ति मोपेड से अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त श्री मयंक गुर्जर ने तत्काल अपने अधीनस्थ अधिकारियों एवं थाना प्रभारी खमतराई को कार्रवाई के निर्देश दिए।
थाना प्रभारी खमतराई के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम बप्पी महतो पिता धरनी महतो, उम्र 35 वर्ष, निवासी देवांगन किराना स्टोर्स, जागृति नगर बीरगांव, थाना उरला, रायपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से सफेद प्लास्टिक बोरी में रखी 63 पौवा देशी मदिरा शराब (कुल 11.340 बल्क लीटर) बरामद की गई।
शराब के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब कीमती लगभग 6,300 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोपेड टीवीएस जूपिटर क्रमांक CG 04 PL 0928, जिसकी कीमत लगभग 50,000 रुपये बताई जा रही है, जप्त की। इस प्रकार जप्त सामग्री की कुल कीमत 63,000 रुपये आंकी गई है।
इस मामले में थाना खमतराई में अपराध क्रमांक 78/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अन्य राज्यों से आने वाली शराब की तस्करी एवं शहर में अवैध शराब की खरीदी-बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाइयाँ आगे भी लगातार जारी रहेंगी।


















