राजनांदगांव, 02 जुलाईं (आरएनएस)। राजनांदगांव की सिटी कोतवाली पुलिस ने शहर में चाकूबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक लोहे का धारदार चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि ममता नगर स्थित राजस्थानी होटल के सामने एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की नीयत से चाकू लेकर खड़ा है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी रेमन वर्मा (19 वर्ष) निवासी ग्राम बिजनापुर, ओपी मोहारा, थाना डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव के पास से एक लोहे का धारदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने चाकू के साथ घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (एमएच-40 सीपी-4390) भी जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ सिटी कोतवाली थाना में आम्र्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शहर में चाकूबाजी और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह, उपनिरीक्षक संजीव मालेकर तथा आरक्षक पूरन वर्मा और राजेश साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

