सीरियल किसर इमरान हाशमी स्टारर मोस्ट अवेटेड फिल्म आवारापन 2 का टीजर जारी हो गया है. टीजर में अभिनेता इमरान हाशमी अपने 19 साल पुराने उलझे हुए किरदार शिवम पंडित के रूप में वापसी कर रहे हैं. यह टीजर फैंस को सीक्वल में गैंगस्टर दुनिया की एक झलक दिखाता है, जो काफी जोखिम भरी और रोमांचक है. एक्स हैंडल पर आवारापन 2 के टीजर की जमकर तारीफ हो रही है और लोगों को 19 साल पुराना शिव पंडित का दौर याद आ गया है.
फिल्म में दिशा पटानी और दिग्ग्गज अदाकारा शबाना आजमी को दमदार खलनायिका नफीसा के रूप में दिखाया गया है, जो आंखों में कई रहस्य लिए नजर आती हैं. नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी फिल्म के टीजर में एक्शन और इमोशनल सीन दिख रहे हैं. सीक्वल के टीजर ने साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म के भावनात्मक मोड़ को पकड़े रखा है.
बता दें, इस कल्ट हिट फिल्म की रिलीज के 19 साल पूरे होने के मौके पर जारी किए गए टीजर ने फैंस की एक्साइटमेंट को बढ़ा दिया है. टीजर की शुरुआत इमरान के किरदार शिवम के अपने अतीत की दर्दनाक यादों को याद करने से होती है. इसके बाद हमें एक दमदार स्ट्रीट फाइटर के रूप में उनकी हाथापाई और गैंगस्टरों से लड़ते हुए झलकियां देखने को मिलती हैं, जबकि शबाना का इंटेंस लुक नजर आता है. दिशा का रहस्यमयी किरदार वायलिन बजाते हुए दिखाया गया है. टीजर इमरान हाशमी के इस डायलॉग के साथ खत्म होता है, इस बार या तो ये आवारापन खत्म होगा या मैं.
इमरान हाशमी की फिल्म आवारापन 2 का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. इमरान हाशमी इस बार शिवम पंडित के रोल में और भी ज्यादा जान डालते नजर आ रहे हैं. एक यूजर ने टीजर में इमरान हाशमी के एंट्री सीन पर लिखा है, अब तक सबसे धांसू एंट्री सीन. दूसरे यूजर ने टीजर का बैकग्राउंड म्यूजिक दमदार बताया है. एक और लिखता है, टीजर देखकर तो मेरे रोंगटे खड़े हो गए. सोशल मीडिया पर आवारापन 2 के टीजर की तारीफ की झड़ी लग चुकी है.
फिल्म की कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है. विशेष भट्ट की फिल्म एक दिल को छू लेने वाले संगीत के साथ लौट रही है, जिसमें मिथुन और सईद कादरी ने फैंस के पसंदीदा गानों तो फिर आओ और तेरा मेरा रिश्ता को नए अंदाज में पेश किया है. साथ ही कुछ नए गाने भी शामिल किए हैं. फिल्म की शूटिंग बैंकॉक के साथ-साथ भारत के कई हिस्सों में हुई है, जिसमें राजस्थान भी शामिल है. फिल्म 14 अगस्त, 2026 को वर्ल्डवाइड़ सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस दिन बॉक्स ऑफिस पर आवारापन 2 का मुकाबला सनी देओल-प्रीति जिंटा की फिल्म बंटवारा 1947 से होगा.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

