कांकेर/भानुप्रतापपुर, 08 फरवरी (आरएनएस)। सोशल मीडिया के जरिए ब्लैकमेल कर ठगी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने दूसरे राज्य से पकडऩे में सफलता हासिल की है। मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है, जहां पीडि़त से अश्लील वीडियो–फोटो वायरल करने की धमकी देकर रकम वसूली गई थी।
पुलिस के अनुसार, 2 फरवरी को पीडि़त ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप वीडियो कॉल आया। इसके बाद आरोपी ने वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगभग 84 हजार रुपये की ठगी कर ली। रिपोर्ट दर्ज होते ही पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन राजस्थान के अलवर जिले में मिली। छत्तीसगढ़ और राजस्थान पुलिस के संयुक्त समन्वय से आरोपी शाहिद खान (25 वर्ष), निवासी खारेड़ा थाना मालाखेड़ा, जिला अलवर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे 8 फरवरी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रेम कुमार झा सहित पुलिस टीम और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल न उठाएं और न ही किसी अनजान व्यक्ति से निजी जानकारी साझा करें। ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या जिला पुलिस की हेल्पलाइन 94791-55125 पर संपर्क करें।
0

