नई दिल्ली ,10 फरवरी। मंगलवार को दो सत्रों की तेजी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। सोना 960 रुपये सस्ता होकर 1.57 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत 2,640 रुपये गिरकर 2.61 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अमेरिकी डॉलर के एक सप्ताह से अधिक के निचले स्तर से उबरने के चलते कीमती धातुओं पर दबाव बना। निवेशक इस सप्ताह जारी होने वाले अहम अमेरिकी रोजगार और महंगाई से जुड़े आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं, जिनसे ब्याज दरों की दिशा को लेकर संकेत मिलने की उम्मीद है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमत 1 प्रतिशत गिरकर 5,016.56 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इससे पहले डॉलर में कमजोरी के कारण पिछले सत्र में सोने में करीब 2 प्रतिशत की तेजी देखी गई थी। गौरतलब है कि 29 जनवरी को सोना 5,594.82 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंचा था। वहीं, अप्रैल डिलीवरी के लिए अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 0.8 प्रतिशत गिरकर 5,041.60 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते दिखे।
चांदी की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई। स्पॉट सिल्वर 2.5 प्रतिशत टूटकर 81.31 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। इससे पहले के सत्र में चांदी में करीब 7 प्रतिशत की तेजी आई थी। 29 जनवरी को चांदी 121.64 डॉलर प्रति औंस के ऑल-टाइम हाई स्तर पर पहुंची थी।
घरेलू सर्राफा बाजार की बात करें तो सोमवार को चांदी की कीमत में 6.66 प्रतिशत की जोरदार उछाल देखने को मिली थी और यह 2.72 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी। इसी तरह 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत में भी 1,300 रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी, जिससे यह 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया था।
एमसीएक्स पर सोमवार को सोना और चांदी दोनों में मजबूती रही। अप्रैल फ्यूचर्स के लिए एमसीएक्स गोल्ड 2,943 रुपये या 1.89 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,58,394 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, मार्च फ्यूचर्स के लिए एमसीएक्स सिल्वर 12,853 रुपये या 5.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,62,745 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था।
00


















