शिवरीनारायण 10 फरवरी 2026(आरएनएस) छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन शिवरीनारायण माघी मेला में मंगलवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नगर पंचायत कार्यालय के सामने लगे आकाश झूले की एक कुर्सी अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ी। हादसे में झूले के नीचे खड़ी दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मेला परिसर में कुछ देर के लिए हड़कंप और चीख-पुकार का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह हादसा मंगलवार शाम लगभग 4 बजे हुआ। आकाश झूला संचालक उमेश गुप्ता द्वारा झूला संचालित किया जा रहा था। इसी दौरान जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम मल्दा से मेला देखने आईं दो युवतियां झूले के पास खड़ी थीं। तभी अचानक झूले की एक कुर्सी टूटकर तेज आवाज के साथ नीचे गिरी और सीधे दोनों युवतियों पर जा गिरी।
इस दुर्घटना में चंद्रकांती कश्यप (15 वर्ष) एवं भूमिका कश्यप (21 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम मल्दा, गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसा होते ही मेला परिसर में हड़कंप मच गया और लोगों ने तत्काल झूले को बंद कराने की मांग की। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों की मदद की।
स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों युवतियों को एम्बुलेंस के माध्यम से शिवरीनारायण स्थित शबरी अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार चंद्रकांती कश्यप की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि भूमिका कश्यप की स्थिति गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बिलासपुर रेफर किया गया है।
इस घटना के बाद माघी मेले में लगे झूलों और मनोरंजन साधनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बिना पर्याप्त तकनीकी जांच और सुरक्षा मानकों के झूलों के संचालन को लेकर अब मेला प्रशासन और स्थानीय प्रशासन की भूमिका भी संदेह के घेरे में आ गई है। हादसे ने मेले में आए श्रद्धालुओं और दर्शकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवालिया निशान लग गया ।


















