रुड़की,17 फरवरी (आरएनएस)। महिलाओं और किशोरियों में बढ़ती एनीमिया (खून की कमी) की समस्या को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार से शहरी क्षेत्र में एक माह का विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसके लिए 28 टीमें घर-घर और सामुदायिक स्थलों पर जाकर महिलाओं और किशोरियों को एनीमिया के लक्षण, कारण, बचाव और उपचार के बारे में जागरूक कर रही हैं। अभियान के तहत आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर समूह बैठकों और जनसंवाद कार्यक्रमों का आयोजन कर रही हैं। इन बैठकों में महिलाओं व किशोरियों को एनीमिया के प्रमुख लक्षण जैसे अत्यधिक थकान, चक्कर आना, कमजोरी, सांस फूलना, सिरदर्द और चेहरे पर पीलापन आदि के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। साथ ही उन्हें नियमित अंतराल पर खून की जांच कराने, आयरन-फोलिक एसिड की गोलियां लेने और हरी सब्जियां, दालें, गुड़, चना, मौसमी फल तथा संतुलित आहार के बारे में समझाया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

