0 मिक्स कचरे का वैज्ञानिक पृथकीकरण कर होगा अपशिष्ट निष्पादन,विद्युत लोड बढ़ाने ट्रांसफार्मर स्थापना प्रक्रिया जारी, जनरेटर से सफल ट्रायल पूर्ण
दुर्ग, 17 फरवरी (आरएनएस)। नगर पालिक निगम, दुर्ग द्वारा स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 18, धमधा नाका स्थित एसएलआरएम सेंटर में 15वें वित्त आयोग मद से 1.62 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक ट्रॉमिल मशीन स्थापित की गई है। यह मशीन शहर से प्रतिदिन निकलने वाले मिश्रित (मिक्स) कचरे के वैज्ञानिक पृथकीकरण में सहायक सिद्ध होगी।
ट्रॉमिल मशीन के माध्यम से गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण कर अपशिष्ट का प्रभावी निष्पादन किया जाएगा, जिससे लैंडफिल में जाने वाले कचरे की मात्रा में कमी आएगी तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। यह पहल शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
मशीन की विद्युत लोड क्षमता अधिक होने के कारण एसएलआरएम सेंटर में अतिरिक्त विद्युत लोड की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए ट्रांसफार्मर स्थापना हेतु विद्युत मंडल को मांग पत्र प्रेषित किया जा चुका है। आवश्यकतानुसार निर्धारित राशि का भुगतान भी नगर निगम द्वारा कर दिया गया है तथा विद्युत मंडल द्वारा लोड वृद्धि की कार्यवाही प्रगति पर है।
इस बीच मशीन का संचालन बाधित न हो, इसके लिए जनरेटर के माध्यम से ट्रॉमिल मशीन का सफलतापूर्वक ट्रायल किया जा चुका है। वर्तमान में मशीन चालू स्थिति में है तथा विद्युत लोड वृद्धि की प्रक्रिया पूर्ण होते ही इसका नियमित संचालन प्रारंभ कर दिया जाएगा।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे इस प्रयास से शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और स्वच्छ दुर्ग के संकल्प को और अधिक गति प्राप्त होगी।

