हरिद्वार,18 फरवरी (आरएनएस)। रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बुधवार को पूरे न्यायालय परिसर में संयुक्त रूप से सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह के नेतृत्व में बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और सिडकुल थाना पुलिस ने न्यायालय परिसर की व्यापक तलाशी ली। इस दौरान परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की गहन जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने मेटल डिटेक्टर और अन्य तकनीकी उपकरणों की सहायता से कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे को खंगाला। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, फिर भी एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय जैसे संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है और किसी भी प्रकार की धमकी को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल न्यायालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। साथ ही धमकी भरे ई-मेल के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

