हरिद्वार,18 फरवरी (आरएनएस)। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ आवाज उठाना एक संस्था अध्यक्ष को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायतों से नाराज होकर अज्ञात नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल कर उन्हें और उनके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई शिकायत में शिव नगर रानी गली भूपतवाला निवासी राजीव कुमार तिवारी ने बताया कि वह जनहित सुरक्षा समिति के अध्यक्ष हैं और क्षेत्र में अवैध शराब के धंधे के खिलाफ लगातार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित शिकायतें देते रहे हैं। आरोप लगाया कि 10 फरवरी की रात से उनके मोबाइल फोन पर विभिन्न नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल आ रही हैं। कॉल करने वाले उन्हें, उनके दोनों बच्चों और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। धमकी में गोली मारने तक की बात कही गई है। राजीव तिवारी का कहना है कि यह धमकियां क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार करने वाले व्यक्ति ओर से दिलवाई जा रही हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि संबंधित मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगाली जा रही हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

