नई टिहरी,18 फरवरी (आरएनएस)। जिला पंचायत टिहरी की पहली गोशाला आगामी अप्रैल माह में विधिवत अस्तित्व में आ जाएगी। भिलंगना ब्लॉक के चानी बासर में 26.45 लाख रुपये की लागत से बनने वाली गोशाला का कार्य अंतिम चरण में है। निर्माण पूरा होते ही गोशाला का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। जिसमे 100 पशुओं को रखने की क्षमता उपलब्ध है। जिला पंचायत की ओर से गोशाला संचालन के लिए हरि कृष्णा समिति से अनुबंध किया जा चुका है। गोशाला में लगभग 100 गोवंश को एक साथ रखने की क्षमता है। गोशाला की सुविधा उन गोवंश के लिए तैयार की जा रही है, जो सड़कों और बाजार क्षेत्रों में घूमते हुए दुर्घटना में घायल हो जाते। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी भागवत पाटनी ने बताया कि चानी बासर में बनने जा रही जिला पंचायत की यह पहली गोशाला है। इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। पशुपालन विभाग की ओर से प्रत्येक गोवंश की देखभाल और चारे के लिए हरि कृष्णा समिति को प्रतिदिन लगभग 80 रुपये की धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। गोशाला में रखे जाने वाले पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी समिति की जिम्मेदारी होगी। पशुओं के टीकाकरण और उपचार के लिए पशुपालन विभाग का सहयोग लिया जाएगा। भविष्य में गोशाला परिसर में एकत्रित गोबर से कंपोस्ट खाद बनाने की योजना है। तैयार खाद की बिक्री से समिति को अतिरिक्त आय होगी। साथ ही वर्मी कंपोस्ट इकाई, चारा भंडारण कक्ष और जल संरक्षण व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार किया जा रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

