नई टिहरी,18 फरवरी (आरएनएस)। थौलधार ब्लॉक के ग्राम पंचायत इडियान के बागोडी गांव में पेयजल किल्लत बढऩे से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीण दो किलोमीटर दूर से स्रोत से पानी ढोने को मजबूर हैं। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष व बागोडी गांव के निवासी लाखीराम उनियाल, जीतराम जोशी, राजेंद्र जोशी, आमोद जोशी, कांति प्रसाद जोशी, मदन जोशी ने बताया कि गांव में लंबे समय पेयजल किल्लत की समस्या बनी हुई है। डेढ़ वर्ष पूर्व जल संस्थान ने जल जीवन मिशन के तहत पनियार नामे तोक से गांव में लिए पेयजल लाइन बिछाई। बरसात के समय पेयजल स्रोत पर पानी बढऩे के बाद गांव में प्रतिदिन पानी की सप्लाई होती है, लेकिन गर्मियों और सर्दियों में पेयजल स्रोत पर पानी की कमी होने से चौथे-पांचवें दिन पानी आता है। पानी कि किल्लत होने के कारण ग्रामीणों को करीब दो किलोमीटर दूर चढ़ाई चढ़कर पेयजल स्रोत से पानी लाना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी गांव में रहने वाले बुजुर्गों को उठानी पड़ती है। पानी कमी के चलते कई बार ग्रामीणों का आपसी विवाद हो जाता है। पानी की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने अपनी गाय-भैस तक बेच दिए है। कहा कि बागोडी जिले का पहला सैनिक बाहुल्य गांव होने के साथ आदर्श गांव है। पानी की किल्लत के चलते कई लोग गांव से पलायन कर गए हैं। पानी की आपूर्ति न होने के बाद भी जल संस्थान ग्रामीणों को लगातार बिल भेज रहा है। ग्रामीणों की ओर शासन-प्रशासन से पानी की समस्या दूर करने की गुहार लगाई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
वर्तमान में इडियान पेयजल योजना से बागोडी गांव को पानी की सप्लाई की जा रही है, स्रोत पर पानी की कमी हो गई है। आसपास कोई अन्य पेयजल स्रोत न होने के कारण बागोडी में पानी नहीं पहुंचाया जा सकता है। बगोडी गांव ऊंचाई पर होने के कारण वाटर लेवल नहीं मिल पा रहा है। – गिरीश चंद्र सेमवाल, सहायक अभियंता जल संस्थान।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

