नई टिहरी,18 फरवरी (आरएनएस)। पीपलडाली-म्यूंडा-ललवाली मोटर मार्ग बनने की उम्मीद जग गई है। वर्षों इंतजार के बाद सड़क के लिए वित्तीय स्वीकृति मिलने पर वर्षों से अधर में लटकी आठ किमी सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सकेगा। दो दशक से इस सड़क का इंतजार कर रहे लोगों में खुशी की लहर है, उन्होंने लोनिवि से इस सड़क का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की है। प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में पीपलडाली पुल से म्यूंडा क्षेत्र को सड़क से जोडऩे के लिए लंबे समय से मांग उठती रही है। करीब 20 साल पहले सड़क पर कुछ ही काम हो पाया था। उसके बाद से लोग लगातार सड़क को बनाने की मांग करते आ रहे थे। प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी ने कहा कि शासन स्तर पर लगातार प्रयास करने के फलस्वरूप शासन ने बीस साल से अधर में लटकी आठ किमी पीपलडाली-म्यूंडा सड़क की स्वीकृति प्रदान कर दी है। पीपलडाली से म्यूंडा ललवाली सड़क बनने से क्षेत्र के कई गांव के लोगों को रोड का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से दैनिक उपयोग की सामग्री खाद्यान्न और अन्य सामग्री जो अभी तक पीठ पर ढ़ोकर जे जानी पड़ती थी, ग्रामीणों को उससे राहत मिलेगी। विधायक ने कहा कि सड़क बनने से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और समय व श्रम की बचत होगी। उन्होंने कहा कि लोनिवि को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्र के लोगों ने विधायक का आभार जताया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

