नई टिहरी,18 फरवरी (आरएनएस)। जिला मुख्यालय में पुलिस थाने के पास सड़क की दीवार तोड़कर खोदाई करने से ऊपर बने मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इससे भयभीत भवन स्वामियों ने डीएम को दिए ज्ञापन में भवन की सुरक्षा के लिए खुदाई बंद करने और परिवर्तन कर डंपिंग जोन में भूखंड आवंटन कराने की जांच करने की मांग की है।
पुलिस थाने के पास जेल रोड की ऊपरी साइड से सड़क का पुश्ता तोड़कर जेसीबी मशीन से खोदाई की जा रही है। बताया गया कि बिल्डर वहां आवासीय कॉलोनी बनाने के लिए प्लॉट तैयार कर रहा है लेकिन अधिक खोदाई करने से उसके पीछे सी ब्लॉक की चार नंबर बिल्डिंग खतरे की जद में आ गई है। बिल्डिंग में निवासरत श्रमजीवी पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष बलवीर सिंह नेगी और सतीश उनियाल ने डीएम व पुनर्वास निदेशक को दिए ज्ञापन में बताया कि वह क्षेत्र डंपिंग जोन है। बिल्डरों ने मिली भगत से प्लॉट परिवर्तन कर डंपिग जोन में भूखंड आवंटित करा दिया। उन्होंने करीब पांच मीटर ऊंचा पुश्ता तोड़कर प्लाटिंग के लिए जेसीबी से खोदाई शुरू की तो ठीक उसके ऊपर सी ब्लॉक की चार नंबर बिल्डिंग के आंगन में मोटी दरारें पड़ गई है। उन्होंने बताया कि बारिश होती है तो आंगन टूटकर बिल्डिंग भी खतरे की जद में आ जाएगी जिससे वहां निवासरत परिवारों को भारी जानमाल का नुकसान हो सकता है। उन्होंने खतरे को देखते हुए खुदाई पर रोक लगाने और परिवर्तित कर डंपिंग जोन में कराए गए आवंटन की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने बताया कि डीएम ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को जांच के निर्देश दिए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

