भोपाल 19 फरवरी (आरएनएस)। प्रदेश सरकार के बजट में महिलाओं को महंगाई से कोई राहत नहीं मिलने के विरोध में आज महिला कांग्रेस ने भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने की कोशिश की। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर हालात तनावपूर्ण हो गए।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर महिला कार्यकर्ता संगठन की प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी सेतिया के नेतृत्व में जमा हुईं। इसके बाद ठेले पर स्कूटी और सिलेंडर रखकर मंत्री जगदीश देवड़ा के बंगले का घेराव करने नारेबाजी करते हुए निकलीं। इस बीच पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रेडक्रॉस हॉस्पिटल के पास रोक लिया।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का पुतला जलाने की कोशिश की। पुलिस ने पुतला जलाने से रोका, जिसके बाद महिला कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प की स्थिति बन गई। महिलाओं का कहना था कि बजट में न तो रसोई गैस सस्ती हुई और न ही पेट्रोल-डीजल या घरेलू खर्चों पर कोई राहत दी गई।
महिला कांग्रेस की नेताओं ने आरोप लगाया कि इस बजट में आम परिवारों और महिलाओं की रसोई की पूरी तरह अनदेखी की गई है। खाली थाली पीटकर उन्होंने संदेश दिया कि बढ़ती महंगाई ने थाली से भोजन और रसोई से सुकून छीन लिया है। महिला कांग्रेस की नेत्रियों ने कहा कि “इस सरकार के राज में महंगाई ने कमर तोड़ दी है। जनता अब बहुत परेशान हो चुकी है। अब जनता गाड़ी को नहीं, बल्कि इस महंगाई वाली सरकार को ही धक्का देकर बाहर करने का मन बना चुकी है।

