भोपाल 19 फरवरी (आरएनएस)। राजधानी स्थित पीपुल्स यूनिवर्सिटी को गुरुवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यूनिवर्सिटी के डीन को ईमेल भेजकर दावा किया गया कि कॉलेज भवन में साइनाइड (जहर) वाले बम रखे गए हैं, जो दोपहर 12:15 बजे फटेंगे। मेल में सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को परिसर से बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने एहतियातन यूनिवर्सिटी खाली कराई और पुलिस व बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी के डीन को आधिकारिक मेल आईडी पर एक संदिग्ध ईमेल प्राप्त हुआ। इसमें लिखा था कि कॉलेज परिसर में साइनाइड वाले बम लगाए गए हैं, जो तय समय पर विस्फोट करेंगे। मेल में धार्मिक नारे का भी उल्लेख किया गया था। संदेश में स्पष्ट रूप से सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और विद्यार्थियों को बाहर निकालने को कहा गया था।
ईमेल मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर को तत्काल खाली कराया गया। क्लासरूम, ओपीडी और प्रशासनिक भवनों से छात्रों व स्टाफ को बाहर निकाला गया। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पहुंचकर जांच शुरू की। संदिग्ध स्थानों की गहन तलाशी ली गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार ईमेल की तकनीकी जांच की जा रही है। मेल किस आईडी से भेजा गया और उसका सर्वर लोकेशन क्या है, इसकी पड़ताल साइबर सेल द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला शरारत या फर्जी धमकी का भी हो सकता है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती गई।
धमकी की खबर फैलते ही यूनिवर्सिटी परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छात्रों और अभिभावकों में चिंता देखी गई। हालांकि निर्धारित समय तक किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

