मैहर ,20 फरवरी (आरएनएस)। मध्यप्रदेश के मैहर जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान लापरवाही की एक खौफनाक तस्वीर सामने आई है। शुक्रवार सुबह प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंकने के दौरान उसे छीनने की कोशिश कर रहे ट्रैफिक टीआई विक्रम सिंह पाठक अचानक आग की चपेट में आ गए। इस दौरान एक बेहद असंवेदनशील स्थिति भी देखने को मिली, जब साथी पुलिसकर्मी आग की लपटों से घिरे टीआई को बचाने की जद्दोजहद कर रहे थे, तब वहां मौजूद कांग्रेसी कार्यकर्ता बेपरवाह होकर नारेबाजी करते रहे। इस दर्दनाक हादसे में टीआई कमर और पीठ के पास से गंभीर रूप से झुलस गए हैं और उन्हें मैहर के सिविल अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
पेट्रोल डालकर पुतला फूंकने से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, एक दिन पहले विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को लेकर ‘औकातÓ में रहने जैसी विवादित टिप्पणी की थी। इसी के विरोध में शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे मैहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष धर्मेश घई के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया जा रहा था। जब कार्यकर्ता पेट्रोल जैसे ज्वलनशील पदार्थ डालकर पुतले में आग लगा रहे थे, तभी टीआई विक्रम पाठक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग अचानक तेजी से भड़क उठी और टीआई सीधे लपटों की चपेट में आ गए। पलक झपकते ही उनकी वर्दी ने आग पकड़ ली, जिससे उनकी कमर, पीठ, जांघ और हाथ का कुछ हिस्सा बुरी तरह से झुलस गया। हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जल्द ही जिला अस्पताल या जबलपुर रेफर किया जा सकता है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही मैहर कलेक्टर रानी बाटड़ और पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने तुरंत अस्पताल पहुंचकर घायल टीआई का हालचाल जाना और डॉक्टरों को उचित इलाज के निर्देश दिए। इस घटना से पूरे पुलिस और प्रशासनिक अमले में भारी रोष है। कलेक्टर रानी बाटड़ ने साफ किया है कि इस पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि सार्वजनिक चौराहों पर पेट्रोल जैसे पदार्थों का उपयोग किसी की भी जान ले सकता है। पुलिस ने घटनास्थल के वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

