लखनऊ 22 फरवरी (आरएनएस )। प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल के निर्देशन में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का समापन के.डी. सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में संपन्न हुआ। समापन समारोह में विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम तथा प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह ने विजेता खिलाडिय़ों को ट्रॉफी, प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान किए।समारोह को संबोधित करते हुए प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और मंत्री कपिल देव अग्रवाल के नेतृत्व में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के प्रशिक्षणार्थियों के लिए पहली बार इस प्रकार की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास के साथ शारीरिक सुदृढ़ता भी अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ और अनुशासित प्रशिक्षणार्थी ही उद्योगों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि आगामी वर्षों में निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों को भी शामिल करते हुए प्रतियोगिता को और व्यापक बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि पिछले चार माह में जनपद और मंडल स्तर पर चयन प्रक्रिया के बाद लगभग चार हजार प्रशिक्षणार्थियों ने बारह खेल विधाओं में भाग लिया, जिनमें से लगभग छह सौ खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता तक पहुंचे। तीन दिवसीय आयोजन में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन प्रशिक्षणार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्थानों में नियमित उपस्थिति बढ़ाने में सहायक सिद्ध होंगे तथा छात्राओं के लिए यह आत्मविश्वास बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है।प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि मंत्री कपिल देव अग्रवाल एवं प्रमुख सचिव के मार्गदर्शन में आयोजित यह पहली राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता भविष्य में प्रत्येक वर्ष और अधिक व्यवस्थित रूप में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में विभागीय अधिकारियों, तकनीकी निदेशालय तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान अलीगंज के नोडल अधिकारियों के योगदान की सराहना की।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी निदेशक डी.के. सिंह, संयुक्त निदेशक मयंक गंगवार, संयुक्त निदेशक राजकुमार यादव सहित अनेक अधिकारियों की विशेष भूमिका रही। समापन समारोह में अपर निदेशक मानपाल सिंह, राजेन्द्र प्रसाद, योगेन्द्र सिंह, अनिल वर्मा, ए.के. राणा, बी.वी. सिंह, अरविन्द कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

