लखनऊ 22 फरवरी (आरएनएस ) जनपद न्यायालय कैसरबाग, लखनऊ के प्रांगण में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ द्वारा एक वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर (महाशिविर) का सफल आयोजन किया गया। यह आयोजन राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ की सदस्य सचिव माननीय डॉ. श्रीमती मनु कालिया की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।कार्यक्रम में माननीय जनपद न्यायाधीश श्री मलखान सिंह का प्रतिनिधित्व प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री दिनेश कुमार मिश्र द्वारा किया गया। मंच पर वरिष्ठ अपर जनपद न्यायाधीश श्री हुसैन अहमद अंसारी, श्री जनेन्द्र कुमार पाण्डेय एवं श्री राहुल मिश्र की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशासन की ओर से अपर जिलाधिकारी श्री राज बहादुर सिंह नोडल अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न विभागों को निर्देशित किया कि वे शिविर में आमजन को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित करें।इस महाशिविर में लगभग 50 विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को आमंत्रित किया गया था। सभी विभागों ने अपने-अपने कक्ष स्थापित कर समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांग सशक्तिकरण, कृषि एवं वानिकी, शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, श्रम कल्याण, राजस्व, ग्रामीण विकास, आवास एवं नगर विकास, परिवहन, पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, कौशल विकास, लघु उद्योग, बैंक ऋण योजनाएँ, खाद्य सुरक्षा, विद्युत वितरण, पुलिस विभाग द्वारा मानव तस्करी निरोधक जागरूकता सहित अनेक योजनाओं की जानकारी प्रदान की तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित किया।मुख्य अतिथियों ने सभी विभागों का आह्वान करते हुए कहा कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी पात्र नागरिक को किसी योजना का लाभ प्राप्त करने में कठिनाई आती है तो राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा आम नागरिकों को शुभकामनाएँ दी गईं।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्रीमती मनु कालिया द्वारा दिव्यांगजन को विद्युत त्रिचक्र वाहन वितरित किए गए तथा विभिन्न योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को उपकरण एवं सहायता सामग्री प्रदान की गई। प्रभारी जनपद न्यायाधीश श्री दिनेश कुमार मिश्र ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और विधिक जागरूकता का लाभ उठाने का आह्वान किया। वरिष्ठ अपर जनपद न्यायाधीश श्री हुसैन अहमद अंसारी ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विभागों के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया।महाशिविर के अंतर्गत पूर्व पंजीकरण के माध्यम से लगभग 92,486 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु चिन्हित किया गया था, जिनमें से 22 फरवरी 2026 को आयोजित शिविर में लगभग 5,860 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष रूप से लाभ प्रदान किया गया।कार्यक्रम में नोडल अधिकारी श्री रवीन्द्र कुमार द्विवेदी, विशेष न्यायाधीश (केन्द्रीय अन्वेषण प्रकरण) द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक कुमार सिंह ने योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ प्रभाग) श्रीमती शीतल प्रियदर्शी ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।यह वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ, जिसने शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम प्रदान किया।

