मुंबई,23 फरवरी। भारतीय शेयर बाजार के लिए हफ्ते की शुरुआत शानदार रही. सोमवार सुबह सेंसेक्स और निफ्टी ने जोरदार बढ़त के साथ शुरुआत की, जिससे निवेशकों के चेहरे खिल उठे. बाज़ार की इस रौनक के पीछे सबसे बड़ी वजह अमेरिका से आई एक बड़ी खबर है, जिसने ग्लोबल मार्केट का मूड बदल दिया है.
सुबह 9:25 बजे के करीब, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 563 अंक उछलकर 83,375 के स्तर पर पहुंच गया. वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 170 अंकों की तेजी के साथ 25,741 पर ट्रेड करता दिखा. बाजार के जानकारों का कहना है कि निफ्टी ने 25,700 के कड़े रेजिस्टेंस लेवल को पार कर लिया है, जो एक सकारात्मक संकेत है.
बाजार में इस तेजी का मुख्य ट्रिगर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला है. कोर्ट ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए यूनिवर्सल टैरिफ के फैसले को रद्द कर दिया है. ट्रंप ने कई देशों से आने वाले सामानों पर भारी टैक्स लगाने की घोषणा की थी, जिससे भारतीय कंपनियों (खासकर ऑटो और मेटल सेक्टर) पर बुरा असर पडऩे की आशंका थी. अब कोर्ट के इस हस्तक्षेप से ट्रेड वॉर का खतरा कम हो गया है, जिसका सीधा फायदा भारतीय बाजार को मिल रहा है.
बाजार विश्लेषकों का मानना है कि ट्रंप टैरिफ पर रोक लगना भारत के लिए बड़ी राहत है, लेकिन लंबी अवधि की तेजी के लिए ग्लोबल फैक्टर्स पर नजर रखना जरूरी होगा. निफ्टी के लिए 25,370 अब एक मजबूत सपोर्ट का काम करेगा.
००

