रायपुर, 13 जुलाईं (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन की शुरुआत पंडवानी की विश्वविख्यात गायिका डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित सत्ता और विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। श्रद्धांजलि के बाद सदन की कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
मुख्यमंत्री डॉ. विष्णुदेव साय ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने पंडवानी की कापालिक शैली को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हुए छत्तीसगढ़ की लोककला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि उनकी ओजस्वी वाणी, सशक्त अभिनय और जीवंत प्रस्तुति ने दुनिया भर के श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। मुख्यमंत्री ने उनके जीवन को संघर्ष, साधना और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि सामाजिक रूढिय़ों को चुनौती देकर उन्होंने महिलाओं के लिए नई राह बनाई और आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत बनीं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि यह पहली बार है जब सदन में पद्म सम्मान से सम्मानित किसी विभूति को श्रद्धांजलि दी जा रही है। उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की ओर से डॉ. तीजन बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि डॉ. तीजन बाई ने अपनी कला से छत्तीसगढ़ का गौरव विश्व पटल पर स्थापित किया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सीमित संसाधनों और शिक्षा के अभाव के बावजूद उन्होंने अपनी प्रतिभा के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया। उनका जीवन संघर्ष और कर्म सभी के लिए प्रेरणादायी है। संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने भी उनके संघर्षपूर्ण जीवन और लोककला के प्रति समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनका निधन केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की लोककला के लिए बड़ी क्षति है। श्रद्धांजलि सभा में मंत्री गजेंद्र यादव सहित विधायक किरण सिंह देव, अनुज शर्मा, अनिला भेडिय़ा, कुँवर सिंह निषाद और भैया लाल कोरसेवाड़ा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इसके बाद सदन ने दिवंगत लोककला साधिका के सम्मान में दो मिनट का मौन रखा और कार्यवाही पांच मिनट के लिए स्थगित कर दी।
बंछोर
000
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

