रायपुर, 23 फरवरी (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव बांगो परियोजना के अंतर्गत नहरों के सुधार और उन्नयन कार्यों के लिए 8 करोड़ 34 लाख 54 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस स्वीकृति के तहत पामगढ़ विकासखंड में अकलतरा शाखा नहर से जुड़ी डुमरपाली, हेडसपुर और डुडग़ा वितरक नहरों के साथ उनके माइनरों की क्षतिग्रस्त लाइनिंग की मरम्मत और अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए 4 करोड़ 11 लाख 25 हजार रुपये निर्धारित किए गए हैं। परियोजना के पूर्ण होने पर 2493 हेक्टेयर के निर्धारित सिंचाई क्षेत्र में वर्तमान में हो रही 280 हेक्टेयर की कमी को दूर किया जा सकेगा, जिससे पूरे क्षेत्र में बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इसके अलावा, अकलतरा शाखा नहर के आरडी 19 किलोमीटर पर स्थित स्केप के उन्नयन और नाला ट्रीटमेंट कार्य के लिए 4 करोड़ 23 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन सभी कार्यों के क्रियान्वयन के लिए मुख्य अभियंता, मिनीमाता (हसदेव) बांगो परियोजना, जल संसाधन विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
0

