0 सर्वप्रथम भोरमदेव मंदिर पहुंचकर भोले बाबा की पूजा अर्चना कर लिया आशीर्वाद
0 शासन की योजनाओं से समाज के अंतिम छोर तक समग्र विकास पहुंचाना प्रमुख लक्ष्य-नवनियुक्त सीईओ अभिषेक अग्रवाल
कवर्धा, 23 फरवरी (आरएनएस)। जिला पंचायत कबीरधाम के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने आज भोरमदेव मंदिर पहुंचकर बाबा भोरमदेव की पूजा अर्चना करने के बाद अपना पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्टर गोपाल वर्मा से सौजन्य मुलाकात भेंट की।तदुपरांत जिला पंचायत के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की संक्षिप्त जानकारी ली। नव नियुक्त सीईओ जिला पंचायत ने अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि उप मुख्यमंत्री, राज्य शासन एवं कलेक्टर कबीरधाम के निर्देशानुसार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्तियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करना है। समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ निर्माण कार्यों से समग्र विकास की ओर बढऩा लक्ष्य है। उन्होंने रोजगार, आजीविका एवं ग्रामीण परिवारों को उनका पक्का आवास समय पर मिले इसके लिए योजनाओं के बेहतर तालमेल से कार्य करने की बात कही।
उल्लेखनीय है कि नवनियुक्त सीईओ जिला पंचायत राज्य प्रशासनिक सेवा 2013 बैच के अधिकारी है तथा मूल पद अपर कलेक्टर है। इससे पहले अभिषेक अग्रवाल ने अपनी सेवाएं विभिन्न स्थान पर दी है। प्रथम नियुक्ति जिला महासमुंद में डिप्टी कलेक्टर के रूप में होने के उपरांत अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुभाग पिथौरा, सरायपाली, कटघोरा, बोड़ला तथा अपर कलेक्टर जिला दंतेवाड़ा, अपर आयुक्त नगर निगम रायपुर, उपसचिव गृह विभाग एवं अपर कलेक्टर जिला दुर्ग में पदस्थ रहे है। वर्तमान में सीईओ जिला पंचायत के रूप में अपनी सेवाएं कबीरधाम जिले में देंगे और आप बहुत जल्द भारतीय प्रशासनिक सेवा संवर्ग में पदोन्नत होने वाले हैं।
0

