० स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड निर्माण प्रस्ताव स्वीकृत, निर्माण कार्य प्रारंभ
दुर्ग, 23 फरवरी (आरएनएस)। यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में आयोजित संयुक्त सड़क सुरक्षा बैठक में सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक इंजीनियरिंग के दृष्टिकोण से विस्तृत विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। बैठक में जिले के प्रमुख यातायात प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा करते हुए स्थायी समाधान हेतु आवश्यक प्रस्ताव रखे गए। खुर्सीपार एवं सिरसा गेट क्षेत्र में निरंतर लगने वाले यातायात जाम की समस्या के निराकरण हेतु फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया, जिसे स्वीकृति प्रदान की गई। फ्लाईओवर निर्माण से मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा तथा जाम की स्थिति में प्रभावी सुधार आएगा। इसी प्रकार स्मृति नगर झरोखा पैलेस से आरोग्यम हॉस्पिटल तक सर्विस रोड उपलब्ध न होने के कारण उत्पन्न यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग एवं रॉन्ग साइड वाहन संचालन की समस्या के समाधान हेतु बोगदा पुलिया, कातुलबोड़ से आरोग्यम हॉस्पिटल तक नवीन सर्विस रोड निर्माण का प्रस्ताव रखा गया, जिसे स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। सर्विस रोड निर्माण से मुख्य मार्ग पर वाहनों का भार कम होगा तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी आएगी। दोनों प्रस्तावों के क्रियान्वयन से वैकल्पिक मार्ग विकसित होंगे, यातायात प्रवाह नियंत्रित रहेगा तथा आम नागरिकों को सुरक्षित एवं समयबद्ध आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी। उक्त प्रस्तावों के प्रस्तुतीकरण एवं तकनीकी विश्लेषण में यातायात पुलिस दुर्ग , यातायात प्रबंधन प्रकोष्ठ एवं क्षेत्रीय यातायात अधिकारियों की सक्रिय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि निर्माण कार्य के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, यातायात संकेतों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
०

