जांजगीर-चांपा, 25 फरवरी (आरएनएस)। मुलमुला थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आदतन बदमाश गोरी उर्फ रोहित कुमार बर्मन (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम कोसा का निवासी है और उसके खिलाफ पहले से 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, जिला दंडाधिकारी जांजगीर-चांपा ने 11 नवंबर 2025 को आरोपी को एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा सहित शक्ति, रायगढ़, सारंगढ़, बिलासपुर और बलौदा बाजार जिलों की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश दिया था। इसके बावजूद वह बिना अनुमति अपने गांव में छिपकर रह रहा था और ग्रामीणों को डराने-धमकाने की सूचना मिल रही थी। विश्वसनीय सूचना के आधार पर मुलमुला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ठिकाने के आसपास से पकड़ लिया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पहले उसे कार्यपालिक दंडाधिकारी पामगढ़ के समक्ष पेश किया गया। इसके बाद जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1950 की धारा 14 के तहत थाना मुलमुला में 23 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 71/2026 दर्ज किया गया। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल और एएसआई प्रमोद महार की अहम भूमिका रही।
००००

