कांकेर, 25 फरवरी (आरएनएस)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत अंतागढ़ क्षेत्र में विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को साइबर सुरक्षा, महिला अधिकारों एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा महाविद्यालय परिसर में शिकायत पेटी (SHe BOX) भी स्थापित की गई।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष बंछोर के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) प्रतिभा लहरे, एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी रमेश जायसवाल के नेतृत्व में महिला रक्षा टीम कांकेर ने भाग लिया। कार्यशाला का आयोजन अंतागढ़ महाविद्यालय एवं महिला आईटीआई अंतागढ़ में किया गया, जहां बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को अभिव्यक्ति एप के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई गई। साथ ही महाविद्यालय में स्थापित शिकायत पेटी के माध्यम से अपनी समस्याएं एवं संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, साइबर अपराध, पॉक्सो एक्ट एवं मानव तस्करी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
महिला रक्षा टीम द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रदर्शन कर छात्राओं को आपात स्थिति में स्वयं की सुरक्षा के उपाय भी सिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को आपातकालीन सेवा 112, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं महिला रक्षा टीम के संपर्क नंबर 9479155925 की जानकारी दी गई।
कांकेर पुलिस द्वारा मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न हॉस्टल, कॉलेज, बाजार क्षेत्र एवं महिला समूहों में लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा के प्रति विश्वास एवं जागरूकता निरंतर बढ़ रही है।
0

