कबीरधाम, 25 फरवरी (आरएनएस)। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर लोहारा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अवैध रूप से शराब परिवहन कर बिक्री की तैयारी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से भारी मात्रा में देशी शराब जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशानुसार जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में 24 फरवरी को यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शांति नगर, सहसपुर लोहारा मुख्य मार्ग के पास एक व्यक्ति अवैध शराब लेकर बस के माध्यम से बिक्री हेतु ले जाने की तैयारी में खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम इमरान खान (53 वर्ष), निवासी रक्से थाना सहसपुर लोहारा, जिला कबीरधाम बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक थैले में रखी 36 पौवा देशी प्लेन मदिरा (कुल 6.480 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,880 रुपये है। आरोपी से शराब संबंधी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसका कृत्य आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पाए जाने पर उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सहसपुर लोहारा में अपराध क्रमांक 22/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को 25 फरवरी को न्यायालय कवर्धा में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मनीष मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक संदीप चौबे, बलदाउ भट्ट सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का विशेष योगदान रहा। कबीरधाम पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है।
0

