दुर्ग, 25 फरवरी (आरएनएस)। होली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस नियंत्रण कक्ष सेक्टर-06 भिलाई में पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग द्वारा यातायात पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि होलिका दहन की रात और होली के दिन शहर के प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय राजमार्गों, भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील चौक-चौराहों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है, जिन्हें ब्रीथ एनालाइजर और इंटरसेप्टर जैसे उपकरणों से सुसज्जित कर सघन जांच के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, स्टंटबाजी, तीन सवारी, खुले वाहनों में खतरनाक तरीके से यात्रा, मॉडिफाइड साइलेंसर, ध्वनि प्रदूषण और सड़कों पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में वाहन जब्त करने, चालान करने के साथ ही ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
ड्रिंक एंड ड्राइव मामलों में ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से जांच कर दोषी पाए जाने पर वाहन जब्त कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित चालकों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान जिले के प्रमुख चौकों पर सघन वाहन जांच में उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सभी को ड्यूटी के दौरान समयबद्ध उपस्थिति और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का त्योहार मर्यादित एवं सुरक्षित तरीके से मनाएं, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करते हुए स्वयं एवं दूसरों की सुरक्षा में सहयोग करें।
0

