गुना 27 Feb, (Rns) । मध्य प्रदेश के गुना जिले के कुंभराज थाना क्षेत्र में देर रात मृगवास मार्ग पर गणेशपुरा के पास एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ। कुंभराज कृषि उपज मंडी से धनिया बेचकर घर लौट रहे किसान बाबूलाल मीणा (60) की ट्रैक्टर-ट्रॉली ढलान वाले इलाके में अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में घर निर्माण के लिए लदी भारी मात्रा में लोहे की सरियाँ (करीब 10 क्विंटल) नीचे बैठे लोगों पर गिर गईं।
इस भीषण हादसे में बाबूलाल मीणा (60), जगदीश अहिरवार (45) और रमन अहिरवार (22) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों एक ही गांव (बकोन्या) के निवासी थे। सरियों के नीचे दबे शवों को निकालने में ग्रामीणों और पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एक ही परिवार/गांव से तीन लोगों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

