फिल्म जब खुली किताब का पहला लुक सामने आ गया है। इस फिल्म में मशहूर एक्टर पंकज कपूर और डिंपल कपाडिय़ा मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म के निर्देशन की कमान सौरभ शुक्ला ने संभाली है। ओटीटी पर जब खुली किताब अगले महीने यानी मार्च में रिलीज होगी।
अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा प्रेजेंट और शूस्ट्रैप फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को सौरभ शुक्ला ने डायरेक्ट ही नहीं किया, बल्कि लिखा भी है। यह सौरभ शुक्ला के इसी नाम के ओरिजिनल प्ले पर बेस्ड है। फिल्म स्क्रीन पर एक प्यारा, मजेदार और इमोशनल लेयर वाला लेट-लाइफ रोमांस दिखाती है। जब खुली किताब 06 मार्च 2026 से जी5 पर स्ट्रीम होगी।
फिल्म जब खुली किताब गोपाल और अनुसूया की कहानी है, जिनकी दशकों पुरानी शादी एक अचानक हुए खुलासे से हिल जाती है। जैसे-जैसे लंबे समय से छिपी सच्चाई सामने आती है, उनका परिवार भावनाओं के भंवर में फंस जाता है। यह फिल्म इमोशंस से भरपूर है। मगर, हंसने के भी पर्याप्त मौके देगी। असल में, कहानी प्यार, साथ, माफी और जिंदगी भर साथ रहने के बाद एक-दूसरे को फिर से खोजने की संभावना जैसे विषयों को दिखाती है।
कलाकारों की टीम में अपारशक्ति खुराना भी हैं, जो एक युवा वकील का रोल अदा करते दिखेंगे। इनका मॉडर्न नजरिया इस फैमिली ड्रामा में एक नयापन लाता है। समीर सोनी, नौहीद सेरुसी और मानसी पारेख भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जी5 की हिंदी बिजनेस हेड कावेरी दास ने फिल्म को लेकर कहा कि यह यह प्यार का जश्न मनाने वाली फिल्म है। उन्होंने कहा, फिल्म जब खुली किताब एक याद दिलाती है कि प्यार टाइमलाइन या एक्सपायरी डेट के साथ नहीं आता।

