नई दिल्ली ,28 फरवरी। टैक्स अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) कानूनों के कथित उल्लंघन के एक बड़े मामले में फिनो पेमेंट्स बैंक के मैनेजिंग डायरेक्टर और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ऋषि गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। बैंक ने शुक्रवार को एक रेगुलेटरी फाइलिंग के जरिए इस बड़ी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से ही बैंकिंग और कॉर्पोरेट सेक्टर में हड़कंप मच गया है।
सीएफओ केतन मर्चेंट को सौंपी गई बैंक की कमान
फिनो पेमेंट्स बैंक ने बताया कि ऋषि गुप्ता की अचानक हुई गिरफ्तारी के तुरंत बाद बैंक के निदेशक मंडल की एक विशेष आपात बैठक बुलाई गई। इस अहम बैठक में दैनिक कार्यों के सुचारू संचालन और कामकाज की देखरेख के लिए बैंक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (सीएफओ) केतन मर्चेंट को कंपनी के प्रमुख की जिम्मेदारी सौंप दी गई है। आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, ऋषि गुप्ता को केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) और राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) अधिनियम, 2017 की धारा 132(1)(ए) और 132(1)(आई) के कड़े प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।
बैंक ने दी सफाई, बिजनेस पार्टनर से जुड़ा है मामला
इस पूरे घटनाक्रम पर स्थिति स्पष्ट करते हुए फिनो पेमेंट्स बैंक ने एक बयान जारी कर कहा है कि बैंक इस जांच में जीएसटी अधिकारियों को पूरा सहयोग दे रहा है और सभी जरूरी जानकारियां मुहैया करा रहा है। बैंक ने साफ किया है कि इस मामले में बैंक का कोई भी अन्य अधिकारी शामिल नहीं है और यह पूरी जांच बैंक के एक बिजनेस पार्टनर से जुड़ी हुई है। बैंक का दावा है कि फिलहाल उनके कामकाज पर इसका कोई सीधा असर नहीं पड़ा है। वहीं, लॉ फर्म एसएनजी एंड पार्टनर्स के चेयरमैन राजेश नारायण गुप्ता ने इस गिरफ्तारी पर हैरानी जताते हुए कहा कि इस खबर से प्रोफेशनल्स को गहरा झटका लगा है। उन्होंने सरकार से जीएसटी कानूनों के तहत होने वाली तुरंत गिरफ्तारी जैसे कठोर प्रावधानों की फिर से समीक्षा करने की मांग की है।
गिरफ्तारी की खबर से शेयर बाजार में मचा कोहराम
साल 2021 में घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट हुई इस कंपनी के शेयरों पर एमडी की गिरफ्तारी की खबर का बेहद नकारात्मक असर पड़ा है। शुक्रवार को बीएसई पर फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर 7.50 प्रतिशत (15.60 रुपये) की भारी गिरावट के साथ 192.45 रुपये के स्तर पर बंद हुए। दिनभर के कारोबार के दौरान बैंक के शेयर 182.90 रुपये के निचले स्तर तक लुढ़क गए थे। बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, फिनो पेमेंट्स बैंक के शेयर का 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर 339.00 रुपये और न्यूनतम स्तर 180.50 रुपये है। इस भारी गिरावट के बाद वर्तमान में कंपनी का कुल मार्केट कैप 1,601.54 करोड़ रुपये रह गया है।
00
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

