नई दिल्ली ,01 मार्च । देश की प्रमुख ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 28 से 31 रुपये तक की वृद्धि की गई है। नई दरें 1 मार्च से लागू हो गई हैं। हालांकि, 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत 1740.50 रुपये से बढ़कर 1768.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह कीमत 1844.50 रुपये से बढ़कर 1875.50 रुपये, मुंबई में 1692.00 रुपये से बढ़कर 1720.50 रुपये और चेन्नई में 1899.50 रुपये से बढ़कर 1929.00 रुपये हो गई है।
ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के इस फैसले से देशभर के रेस्टोरेंट, होटल और ढाबा संचालकों पर लागत का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। होली का त्योहार नजदीक होने के कारण यह बढ़ोतरी कारोबारियों के लिए झटका मानी जा रही है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं को घरेलू सिलेंडर पुरानी दरों पर ही उपलब्ध होगा।
14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 853.00 रुपये, कोलकाता में 879.00 रुपये, मुंबई में 852.50 रुपये और चेन्नई में 868.50 रुपये पर स्थिर है। इसके अलावा, पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की कीमतों में भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में पीएनजी की खुदरा कीमत 48.59 रुपये प्रति एससीएम, नोएडा में 48.46 रुपये, गुरुग्राम में 47.40 रुपये, कानपुर में 49.95 रुपये और अजमेर में 50.27 रुपये प्रति एससीएम बनी हुई है।
00
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

