बीजापुर,03 मार्च (आरएनएस)। बीजापुर जिले में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से कलेक्टर संबित मिश्रा ने साप्ताहिक समय-सीमा बैठक लेकर विभिन्न विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, जल जीवन मिशन सहित सभी विभागों के कार्यों की प्रगति का आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने नियद नेल्लानार योजना अंतर्गत शामिल नए गांवों में सर्वे कर सैचुरेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। आत्मसमर्पित नक्सलियों एवं नक्सल प्रभावित परिवारों को सभी विभागों द्वारा पात्रतानुसार शत-प्रतिशत लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिन हितग्राहियों के आधार कार्ड बन चुके हैं, उनके आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनाए जाएं ताकि वे स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ तुरंत प्राप्त कर सकें। अंदरूनी क्षेत्रों में स्कूल, आंगनबाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र सहित अन्य अधोसंरचनाओं के निर्माण में तेजी लाने और बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया।तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए मिशन मोड में बैंक खाते खोलने तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृत आवासों का निर्माण शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु हितग्राहियों से सतत संपर्क बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी, सभी अनुभागों के एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
०००

