कबीरधाम, 07 मार्च (आरएनएस)। जिले के लोहारा थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक महिला के साथ छेड़छाड़ और मारपीट का वीडियो वायरल होने की सूचना मिली थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए कबीरधाम पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेकर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीडि़त महिला थाना लोहारा पहुंची और घटना के संबंध में लिखित शिकायत दर्ज कराई। प्राप्त आवेदन और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी दीनानाथ देवांगन (37 वर्ष), निवासी ग्राम सिल्हाटी, थाना लोहारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 28/2026 दर्ज किया। आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 74, 76, 296, 115(2) और 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की और 06 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई धर्मेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित पटेल के निर्देशन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कृष्ण कुमार चंद्राकर के दिशा-निर्देशन में थाना लोहारा प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस लगातार सक्रिय और सतर्क है।
बंछोर
०००

