नईदिल्ली,08 मार्च। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर विल जैक्स ने टी-20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। इस हरफनमौला खिलाड़ी ने अपने शानदार खेल से इंग्लैंड को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हालांकि, सेमीफाइनल में इंग्लैंड को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में जैक्स ने टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिस्बाह उल हक के नाम दर्ज एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया। ऐसे में आइए उनके प्रदर्शन पर नजर डालते हैं।
सेमीफाइनल में जैक्स ने 35 रन बनाए। इस पारी के साथ वह टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में छठे या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने 8 पारियों में 56.50 की औसत और 176.56 की स्ट्राइक रेट से 226 रन बनाए। उन्होंने 2007 टी-20 विश्व कप में मिस्बाह के 218 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। कोई अन्य बल्लेबाज 180 रन तक भी नहीं पहुंच सका है।
जैक्स ने बल्ले के साथ-साथ गेंद से भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस संस्करण में जैक्स ने 21.66 की औसत से 9 विकेट लिए। उनकी इकॉनमी रेट 9.75 की रही। टी-20 विश्व कप के एक संस्करण में 200 से ज्यादा रन बनाने और कम से कम 9 विकेट लेने वाले अन्य ऑलराउंडर केवल दो ही हैं। ऑस्ट्रेलिया के शेन वॉटसन (2012 में 249 रन और 11 विकेट) और जिम्बाब्वे के सिकंदर रजा (2022 में 219 रन और 10 विकेट)।
टी-20 विश्व कप 2026 में जैक्स ने एक संस्करण में सबसे अधिक बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार जीतने के मामले में वॉटसन की बराबरी की। न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें टूर्नामेंट का चौथा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मिला। इसी के साथ उन्होंने वॉटसन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। वॉटसन ने यह रिकॉर्ड साल 2012 के टी-20 विश्व कप में बनाया था, जो श्रीलंका में खेला गया था।
जैक्स ने नेपाल के खिलाफ 39* रन की पारी खेलने के साथ 1 विकेट लिया और पहला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ जीता। इसके बाद इटली के खिलाफ उन्होंने 22 गेंदों में 53* रन बनाए और 34 रन देकर 1 विकेट लिया, जिससे उन्हें दूसरा पुरस्कार मिला। श्रीलंका के खिलाफ 21 रन और 22 रन देकर 3 विकेट के साथ उन्हें तीसरा सम्मान मिला। न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 2 विकेट लिए और नाबाद 32 रन बनाकर इंग्लैंड को जीत दिलाई।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

