जिले की माताओं-बहनों को 24 किश्तों में मिले 563.49 करोड़ रुपए
उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को उप मुख्यमंत्री ने प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर किया सम्मानित

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कवर्धा में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन
कवर्धा, 8 मार्च 2026 (आरएनएस) अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त की राशि बस्तर में आयोजित कार्यक्रम से जारी की। इस अवसर पर कवर्धा के वीर सावरकर भवन में महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे तथा सांसद संतोष पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहे। महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 24 किश्तों में जिले की 2.48 लाख से अधिक माताओं-बहनों को 563.49 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। कवर्धा के अलावा जिले के आठ स्थानों रणवीरपुर, बोड़ला, चिल्फी, तरेगांव, पंडरिया, कुंडा, कुकदुर और दशरंगपुर में भी महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुषमा बघेल, जिला पंचायत सदस्य राम कुमार भट्ट, डॉ. वीरेन्द्र साहू, सभापति सुष्मिता पटेल, नितेश अग्रवाल, विजय पटेल, मनीराम, मधु तिवारी, सुषमा चंद्रवंशी, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी, पार्षदगण सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने विश्व महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि सिर्फ आज ही नहीं, हर दिन महिला दिवस है। समाज में जब भी सकारात्मक बदलाव लाना होता है, उसकी शुरुआत महिलाओं से होती है। प्राचीन काल से ही हमारी परंपरा में माताओं को सर्वोच्च स्थान दिया गया है और हमारे देश में माताएं देवियों के रूप में पूजित हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्व-रोजगार, उद्यमिता और सहकारिता से जोड़ते हुए उन्हें लखपति दीदी के रूप में आगे बढ़ाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना पूरे प्रदेश की सबसे बड़ी योजना है, जो महिला सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस योजना के तहत महिलाओं को हर माह एक हजार रुपए की राशि दी जा रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हो रही हैं।

विजय शर्मा ने कहा कि महिलाओं को अपने खाते से आसानी से राशि निकालने की सुविधा देने के लिए हर पंचायत में अटल डिजिटल केंद्र खोले जा रहे हैं, ताकि उन्हें बैंक या सोसायटी तक जाने के लिए दूर शहर नहीं जाना पड़े। महिला स्व-सहायता समूहों के लिए महतारी सदन का निर्माण भी किया जा रहा है, जो विशेष रूप से महिलाओं के लिए होगा और इसका निर्माण क्लस्टर लेवल फेडरेशन स्तर पर किया जा रहा है।
सांसद संतोष पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि महिला केवल एक परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे समाज और देश की नींव तैयार करती है। माता सीता द्वारा लव-कुश और जीजाबाई द्वारा शिवाजी को दिए गए संस्कार इसका प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिल रही है, जिससे वे स्वरोजगार के साथ-साथ परिवार को आर्थिक सहयोग दे पा रही हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे महिलाओं का आर्थिक और सामाजिक जीवन स्तर बेहतर हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने महतारी वंदन योजना के तहत राशि देने का वादा किया था और सरकार बनने के बाद इसे लागू किया गया। अब तक 24 किश्तें जारी हो चुकी हैं और आज विश्व महिला दिवस के अवसर पर 25वीं किश्त जारी की गई है।
ये हुए सम्मानित
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अतिथियों ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और सामाजिक संस्थाओं को सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों में गंगोत्री, यशोधरा मानिकपुरी, प्रीति सिंह परिहार, श्वेता शर्मा, पायल श्रीवास्तव, सरस्वती निषाद, चंद्र कुमारी, रंजना भट्ट, सुकून चंद्रवंशी, अनीता पाली, खुशबू, अनीता केसरवानी, रीना शर्मा, अश्वनी श्रीवास्तव, विवेका हैरिस, सरोज शर्मा, निकिता डड़सेना एवं संगीता साहू शामिल हैं। इसके साथ ही सामाजिक संस्था नई सोच नई राह नारी शक्ति टीम को भी समाज में महिलाओं के सशक्तिकरण और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

