अहमदाबाद,09 मार्च। टी-20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ धमाकेदार अर्धशतकीय पारी (52) खेली। ये उनके टी-20 अंतरराष्ट्रीय करियर का 10वां और कीवी टीम के खिलाफ तीसरा अर्धशतक रहा। उनके बल्ले से इस विश्व कप में दूसरा अर्धशतक निकला, जिसे उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में ही पूरा कर लिया। ऐसे में आइए उनकी पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
अभिषेक ने 21 गेंदों का सामना किया और 52 रन बनाए। उनके बल्ले से 6 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 247.62 की रही। उन्होंने पहले विकेट के लिए संजू सैमसन के साथ 7.1 ओवर में ही 98 रन जोड़े। उन्हें रचिन रविंद्र ने आउट किया। पावरप्ले में अभिषेक ने 51 रन बनाए। वह रोहित शर्मा (51 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया) के साथ इस टूर्नामेंट में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी बने।
अभिषेक टी-20 विश्व कप में संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने। केएल राहुल ने भी टी-20 विश्व कप 2021 में 18 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। इस सूची में पहले स्थान पर युवराज सिंह हैं। उन्होंने साल 2007 के टी-20 विश्व कप में 12 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा था। रोहित ने साल 2024 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान 50 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाडिय़ों की सूची में अभिषेक सबसे आगे हैं, उन्होंने 4 बार पावरप्ले में 50+ के स्कोर बनाए हैं। उन्होंने यह कारनामा 2 बार न्यूजीलैंड और 1-1 बार श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ किया है। वहीं, कॉलिन मुनरो, जॉनसन चार्ल्स, रोहित, ट्रेविस हेड, फिलिप सॉल्ट और ईशान किशन इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं। इन खिलाडिय़ों ने 2-2 बार ये कारनामा किया है।
अभिषेक ने पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला साल 2024 में खेला था। उन्होंने अब तक 46 मुकाबले खेले हैं और इसकी 45 पारियों में 33.44 की औसत और 190.46 की स्ट्राइक रेट से 1,438 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 135 रन रहा है। टी-20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 8 पारियों में 17.62 की औसत और 158.42 की स्ट्राइक रेट से 141 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकला।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

