अहमदाबाद,09 मार्च। टी-20 विश्व कप 2026 का शानदार समापन हो गया है। फाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को 96 रन से हरा दिया। भारत ने तीसरी बार टी-20 विश्व कप का खिताब जीता है, जबकि कीवी टीम पहली बार ट्रॉफी पर कब्जा जमाने से चूक गई। काफी लोगों के मन में यह उत्सुकता है कि किस टीम को कितनी पुरस्कार राशि मिली है? आइए सभी टीमों को मिली पुरस्कार राशि के बारे में जानते हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने इस मेगा टूर्नामेंट के लिए इनाम पर कुल 123.77 करोड़ रुपये की राशि खर्च की है। पिछले संस्करण में उसने 93 करोड़ रुपये की राशी खर्च की थी। विजेता टीम भारत को पुरस्कार स्वरूप 27.50 करोड़ रुपये की राशि मिली। इसके अलावा उपविजेता टीम न्यूजीलैंड को भी अच्छी खासी रकम बतौर पुरस्कार मिली है। न्यूजीलैंड को फाइनल मुकाबला हारने के बाद 14.67 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली है।
टूर्नामेंट में केवल विजेता और उपविजेता टीमों पर ही नहीं, बल्कि अन्य टीमों पर भी पैसों की बारिश हुई। सेमीफाइनल में हारने वाली दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमों को भी अच्छी-खासी इनामी राशि मिली। दोनों टीमों को 7.24-7.24 करोड़ रुपये दिए गए। वहीं, टूर्नामेंट में सुपर-8 खेलने वाली टीमों को 3.5-3.5 करोड़ रुपये मिले। इसके अलावा लीग स्टेज खेलने वाली टीमों को भी 2.3-2.3 करोड़ रुपये की इनामी राशि प्रदान की गई।
टी-20 विश्व कप का पहला संस्करण साल 2007 में खेला गया था। उसम समय ट्रॉफी अपने नाम करने वाली टीम को आज की तारीख में लगभग 11 करोड़ रुपये मिले थे। यानी पहले टूर्नामेंट की तुलना में इस बार ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम की ईनामी राशि में करीब 150 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वहीं, आईसीसी ट्रॉफी में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ का अवॉर्ड जीतने वाले खिलाडिय़ों को अतिरिक्त कोई पैसे नहीं मिलते हैं।
टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान ने बनाए। उनके बल्ले से 7 मैचों में 76.60 की औसत से 383 रन निकले। इस टूर्नामेंट में सर्वोच्च पारी इंग्लैंड के जेकब बेथेल ने खेली। उन्होंने भारत के खिलाफ 105 रन बनाए थे। सबसे अधिक विकेट (14) संयुक्त रूप से जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने लिए। बुमराह ने 8 पारियों में 12.42 की औसत से ये विकेट लिए। वरुण ने 20.50 की औसत से ये विकेट अपने नाम किए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

