० पीएम किसान उत्सव दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने जारी की किसानों को 22वीं किश्त की राशि
रायपुर, 13 मार्च (आरएनएस)। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किश्त जारी की है जिससे देश एवं प्रदेश के किसानों में हर्ष का माहौल है। भारत सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से प्रदेश के 24,71,498 किसानों को 498.83 करोड़ रुपये की 22वीं किश्त की राशि जारी की गई। इस अवसर पर पीएम किसान उत्सव दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को योजना से मिल रहे लाभों की जानकारी दी गई। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा कि फरवरी 2019 में योजना की पहली किश्त जारी होने के बाद से अब तक प्रदेश के किसानों को 11,283.09 करोड़ रुपये की सम्मान निधि प्रदान की जा चुकी है। राज्य में 2.92 लाख वन पट्टाधारी किसान तथा 37,400 विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति के किसान भी इस योजना के अंतर्गत पंजीकृत होकर लाभान्वित हो रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा संचालित इस योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता तीन किश्तों (प्रत्येक 2,000 रुपये) में डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य किसानों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उनकी कृषि गतिविधियों को सशक्त बनाना और उनकी आय में वृद्धि करना है। श्री ठाकुर ने कहा कि पीएम किसान उत्सव दिवस पर किसानों को 22वीं किश्त की राशि जारी किए जाने पर भाजपा किसान मोर्चा, छत्तीसगढ़ ने देश के प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का आभार माना।
०

