बलरामपुर-रामानुजगंज, 14 मार्च (आरएनएस)। जिला पंचायत की सामान्य प्रशासन समिति एवं सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनी निकुंज, जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव वह जिला पंचायत सदस्यों की विशेष उपस्थिति की में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए। सभा में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल समस्या से निपटने के लिए विशेष तैयारी करने तथा खराब हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को महुआ बीनने के दौरान जंगलों में आग लगने की घटनाओं पर विशेष निगरानी रखने के लिए कहा गया। साथ ही हाट-बाजारों के माध्यम से ग्रामीणों को जंगल में आग नहीं लगाने के लिए जागरूक करने और आग लगाने पर प्रावधानित दंड के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए सतर्कता बरतने तथा भविष्य में हाथियों के लिए पानी की व्यवस्था हेतु जंगलों में तालाब निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के लिए भी कहा गया। सहकारी बैंकों से धान की राशि निकालने में किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए सभी किसानों का ई-केवाईसी पूरा कराने के निर्देश दिए गए। चेक के माध्यम से राशि निकालने वाले किसानों को अन्य खातों में राशि अंतरण कराने तथा विड्रॉल फॉर्म के माध्यम से राशि निकालने वाले किसानों को प्राथमिकता से भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। कृषि विभाग को रबी फसल की खेती के लिए वितरित किए गए बीजों की जानकारी विकासखंड एवं ग्राम पंचायतवार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला पंचायत बलरामपुर-रामानुजगंज का वर्ष 2026-27 के लिए तैयार बजट सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। अखरा निर्माण समिति के लिए जिला स्तरीय समिति में जिला पंचायत के चार सदस्यों—गीता पैंकरा, रामप्रताप सिंह, अनीता मरकाम और संजीता—के नाम सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी नयनतारा सिंह तोमर, उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव, सभापति मुन्शी राम, बद्री यादव, रविप्रताप मरावी, रामप्रताप सिंह, अनार सिंह, अनीता मरकाम, बेला कुशवाहा, सदस्य गीता पैंकरा, संजीता, साधना यादव, रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि बलवंत सिंह, जिले के सभी छह जनपद पंचायतों के अध्यक्ष तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

