बलरामपुर, 14 मार्च (आरएनएस)। वनमण्डल बलरामपुर के अंतर्गत वन परिक्षेत्र बलरामपुर में वन क्षेत्र में आग लगाने के मामले में एक व्यक्ति को मौके पर पकड़कर गिरफ्तार किया गया है। वनमण्डलाधिकारी आलोक कुमार बाजपेयी के निर्देशन तथा उपवनमण्डलाधिकारी अनिल कुमार सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में वन विभाग की टीम द्वारा कार्रवाई की गई। वन परिक्षेत्र बलरामपुर के सर्किल बादर, बीट पीपराही के वन कक्ष क्रमांक पी-3335, वनखण्ड रामचौरा के काठोपानी नामक स्थान पर संतोष पिता भागीरथी, निवासी ग्राम बरदर को वन क्षेत्र में आग लगाते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। घटना के संबंध में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 22043/04 दिनांक 14.03.2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33(1)(घ) तथा वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9 के तहत कार्रवाई की जा रही है। वन विभाग ने आरोपी संतोष को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। जप्ती एवं कार्यवाही के दौरान वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौजूद रही। टीम में वनपाल प्रहलाद तिवारी, घासी राम तथा वनरक्षक देवीलाल, राजेश राम, संजीव सिंह और अजीत कुजूर शामिल थे, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर नियमानुसार कार्रवाई की। वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना ने बताया कि वन क्षेत्र में आगजनी जैसी घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विभाग सतर्क है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
०

